इंदौर, नौ अक्टूबर (भाषा) उद्योग मंडल सीआईआई के पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष वीर एस. आडवाणी ने शुक्रवार को कहा कि मध्यप्रदेश को लॉजिस्टिक का राष्ट्रीय केंद्र बनाने और बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ाने से राज्य में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने इंदौर में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के ‘लीडरशिप कॉन्क्लेव 2026’ के दौरान संवाददाताओं से कहा कि मध्यप्रदेश अपनी रणनीतिक स्थिति, बेहतर होते बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था की विविधता और निवेशकों के अनुकूल माहौल के कारण विकास के लिहाज से देश के संभावनाशील राज्यों में शामिल है।
आडवाणी ने कहा कि राज्य सरकार को बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही बहु-मॉडल लॉजिस्टिक व्यवस्था (माल परिवहन और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन) को बढ़ावा देना चाहिए।
उन्होंने कहा,‘‘यदि मध्यप्रदेश देश का लॉजिस्टिक केंद्र बनने का लक्ष्य हासिल कर लेता है, तो उसे औद्योगिक निवेश आकर्षित करने में काफी मदद मिलेगी।’’
आडवाणी ने यह बात ऐसे समय कही, जब राज्य सरकार जनवरी 2027 के दौरान राजधानी भोपाल में होने वाले वैश्विक निवेशक सम्मेलन की तैयारियों में जुटी है।
उन्होंने निवेशकों का विश्वास बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के कदमों की सराहना करते हुए कहा कि कारोबारी सुगमता के लिए बनाया गया नया कानून एक ठोस पहल है और इसे प्रभावी ढंग से लागू करने से निवेश बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
आडवाणी ने कहा कि राज्य में लॉजिस्टिक के साथ ही विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और प्रौद्योगिकी समेत कई क्षेत्रों में निवेश की काफी संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि सीआईआई छिंदवाड़ा में एक कौशल विकास केंद्र संचालित करता है और राज्य में ऐसे केंद्रों का विस्तार करना चाहता है।
आडवाणी ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते प्रभाव के कारण व्यावसायिक कौशल विकास के महत्व में इजाफा हुआ है तथा आने वाले समय में ऐसे केंद्र उद्योग जगत की प्रमुख जरूरतों में शामिल होंगे।
भाषा हर्ष जितेंद्र रमण
रमण