अदीस अबाबा, नौ अक्टूबर (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को इथियोपिया के अपने समकक्ष गेडियन तिमोथेवोस हेसेबोन के साथ व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, समुद्री क्षेत्र, सुरक्षा और संस्कृति सहित विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।
तीन अफ्रीकी देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में कोट डी आइवर से यहां पहुंचे जयशंकर ने कहा कि वह विदेश मंत्री हेसेबोन से मिलकर बेहद प्रसन्न हैं।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा हुई। इसमें व्यापार, निवेश, विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे, समुद्री क्षेत्र, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और संस्कृति जैसे मुद्दे शामिल रहे।’’
दोनों नेताओं ने वैश्विक घटनाक्रम के साथ ही, बहुपक्षीय सहयोग और भारत-अफ्रीकी संघ साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की।
जयशंकर ने कहा, ‘‘भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी हमारे साझा मूल्यों, समान आकांक्षाओं और दक्षिण-दक्षिण एकजुटता के ऐतिहासिक संबंधों पर आधारित है।’’
इथियोपिया के विदेश राज्य मंत्री बेरहानु सेगाये ने हवाई अड्डे पर जयशंकर का स्वागत किया।
सेगाये ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस यात्रा के दौरान उच्चस्तरीय बातचीत होगी, जिससे इथियोपिया और भारत के बीच बहुआयामी साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की व्यापक संभावनाएं हैं।’’
अदीस अबाबा में अपने प्रवास के दौरान जयशंकर क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे जिसमें क्षेत्र के विभिन्न देशों में तैनात भारतीय राजदूत शामिल होंगे।
जयशंकर कोट डी आइवर से इथियोपिया पहुंचे हैं। कोट डी आइवर में उन्होंने देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत की और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
भाषा आशीष नरेश
नरेश