नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आनंद विहार इलाके से 27 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर उसके आवास से कथित चोरी के 43 मोबाइल फोन बरामद किये गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी अपने परिवार और बच्चों के साथ फोन चोरी करती थी और उपकरणों को पश्चिम बंगाल भेज दिया करती थी।
उन्होंने बताया कि यह बरामदगी बृहस्पतिवार को आनंद विहार थाने में दर्ज मोबाइल फोन चोरी के मामले की जांच के दौरान की गयी।
शाहदारा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जांच के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि वर्तमान मामले में शामिल मोबाइल फोन आनंद विहार के जेजे कैंप में रहने वाली रेशमा नाम की महिला के पास है। मुखबिर ने यह भी संकेत दिया कि चोरी के और भी मोबाइल फोन उसके आवास पर मिल सकते हैं।
उनके मुताबिक, टीम ने रेशमा को अपने बच्चों के साथ अपने आवास पर मौजूद पाया और पूछताछ के दौरान उसने मोबाइल फोन होने से इनकार किया।
डीसीपी ने कहा कि हालांकि, विशिष्ट जानकारी और मामले की परिस्थितियों को देखते हुए, पुलिस ने कानून के अनुसार परिसर की तलाशी शुरू की।
मीणा ने बताया कि तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड और मॉडल के 43 मोबाइल फोन बरामद किए गए और आरोपी बरामद फोन के संबंध में बिल या अन्य दस्तावेज पेश करने में विफल रही।
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को चोरी हुआ फोन भी उसके पास मिला।
डीसीपी ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन को आगे की जांच और सत्यापन के लिए पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उनके स्वामित्व और अन्य चोरी के मामलों से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, आरोपी रेशमा ने अपने पति, मोहम्मद तौफीक, अपने भाई असलम और बच्चों सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ आनंद विहार बस स्टैंड और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फोन चोरी में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया।
उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन निपटान के लिए बसों, रेल और अन्य माध्यम से पश्चिम बंगाल भेजे जाते थे।
पुलिस संदिग्ध गिरोह की जांच कर अन्य आरोपियों का पता लगा रही है।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष