Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

उप्र: भदोही का नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर भदोही’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी

लखनऊ, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को भदोही जिले का नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर भदोही’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

सरकार ने संत शिरोमणि गुरु रविदास के सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया।

मुख्यमंत्री ने हाल में भदोही में जिले का नाम संत रविदास के नाम पर रखने की घोषणा की थी।

प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पत्रकारों को बताया कि भारतीय संत परंपरा के प्रमुख संत और समाज सुधारक गुरु रविदास की स्मृति व सम्मान में जिले का नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर भदोही’ रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि नाम परिवर्तन से जिले की सांस्कृतिक, सामाजिक और ऐतिहासिक पहचान को अभिव्यक्ति मिलेगी।

खन्ना ने कहा कि इससे पहले भी भदोही का नाम ‘संत रविदास नगर भदोही’ करने का प्रयास किया गया था लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार ने नाम बदलने के फैसले को पलट दिया था।

नए नाम में संत रविदास का नाम शामिल होने के साथ ही भदोही की पहचान भी बरकरार रहेगी।

उन्होंने बताया कि नाम परिवर्तन की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप है।

इसके तहत राज्य सरकार को अधिसूचना जारी कर राजस्व क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने और उनका नामकरण करने का अधिकार है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र