Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

केंद्र सरकार ‘जेन जी’ से डरी हुई है, देश में आपातकाल लगा दिया गया है: कॉजपा नेता

मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह ‘जेन जी’ से डरी हुई है और उसने देश में आपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।

राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले अधिकारियों ने परिवहन सेवाओं को बंद करने के आदेश दिए हैं और राष्ट्रीय राजधानी को किले में तब्दील कर दिया है।

कॉजपा नेता शनिवार को जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। पार्टी निर्वाचन आयोग की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।

सरकार के एहतियाती कदमों की आलोचना करते हुए कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ‘जेन जी’ से डरी हुई है।

बेंगलुरु से लौटने के बाद शुक्रवार को मुंबई हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए दीपके ने कहा कि कॉजपा कार्यकर्ता शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना पर आगे बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा, ''अगर आप युवाओं से इतना डरते हैं, तो पूरे देश को बंद कर दीजिए।''

दीपके ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नयी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेन रद्द कर दी गई हैं।

कॉजपा नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ‘जेन जी’ से डरी हुई है। उन्होंने सरकार को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती भी दी।

कॉजपा नेता सौरव दास ने देश के हालात की तुलना आपातकाल से करते हुए दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है और कुछ को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है।

दास ने कहा, ''किसी भ्रम में न रहें। देश में आपातकाल लगा दिया गया है और दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है।''

दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

भाषा रंजन माधव

माधव