हैदराबाद, नौ अक्टूबर (भाषा) अनुभवी गोल्फर गगनजीत भुल्लर ने शुक्रवार को यहां पांच अंडर पार 65 का शानदार कार्ड खेलकर कृष्णा आमंत्रण 2026 हैदराबाद में अपना पांचवां एएम ग्रीन आईजीपीएल खिताब जीत लिया।
भुल्लर ने अपने दौर की शुरुआत बोगी से की और अंत भी बोगी से किया। हालांकि उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम दौर में सात बर्डी लगाईं। इस तरह उन्होंने टूर्नामेंट का समापन कुल 14 अंडर पार 196 के स्कोर के साथ किया।
उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी करणदीप कोच्चर को तीन शॉट से पीछे छोड़कर खिताब अपने नाम किया। कोच्चर ने छह अंडर पार 64 का कार्ड खेला और उनका कुल स्कोर 11 अंडर पार रहा।
सी मुनियप्पा ने भी 66 का कार्ड खेलकर कुल 11 अंडर पार का स्कोर बनाया।
भुल्लर के शानदार प्रदर्शन से चेन्नई लायंस जीसी ने भी टीम खिताब अपने नाम किया। टीम ने कुल 26 अंडर पार का स्कोर बनाया और 24 अंडर पार के साथ दूसरे स्थान पर रही विजाग डॉल्फिन्स से दो शॉट की बढ़त हासिल की। पंजाब रैप्टर्स जीसी 23 अंडर पार के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रही।
भाषा नमिता मोना
मोना