मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) भारत अगले साल विश्व यात्रा एवं पर्यटन परिषद (डब्ल्यूटीटीसी) वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
डब्ल्यूटीटीसी की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ग्लोरिया ग्वेरा ने माल्टा के वैलेटा में डब्ल्यूटीटीसी के वैश्विक शिखर सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक पर्यटन परिषद का 27वां वार्षिक शिखर सम्मेलन दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर मौजूद केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि अगले साल होने वाला यह सम्मेलन भारत में विदेशी पर्यटकों के आगमन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे भारत को दक्षिण एशिया में बड़े वैश्विक आयोजनों के प्रमुख स्थल के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी। खासकर जी20 और ब्रिक्स के आयोजनों की सफल मेजबानी के बाद यह और अधिक सहायक होगा।’’
डब्ल्यूटीटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत का व्यापक आकार, यूपीआई के जरिये डिजिटल नवाचार और बुनियादी ढांचे में तेजी से होती वृद्धि उसे वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए स्वाभाविक विकल्प बनाते हैं।
भारत दूसरी बार डब्ल्यूटीटीसी के वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2005 में भारत में इस सम्मेलन का आयोजन हुआ था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था।
भाषा यासिर रमण
रमण