Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

चुनाव अवैध हैं, तो राहुल गांधी को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिए:गिरिराज सिंह

सूरत, नौ अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर चुनाव ‘‘अवैध’’ हैं तो गांधी को सबसे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देना चाहिए और कर्नाटक तथा तेलंगाना में मिले जनादेश को भी त्याग देना चाहिए।

सूरत जिले के तीन दिवसीय दौरे के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा नेता ने गांधी पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘वह (मुख्य निर्वाचन आयुक्त) इस्तीफा क्यों दें? क्या अपनी पसंद की चीजों को खुशी-खुशी स्वीकार करना और जो पसंद न हो, उस पर उंगली उठाना उचित है?’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘अगर चुनाव अवैध हैं, तो सबसे पहले राहुल गांधी को खुद लोकसभा में विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही, उन्हें कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों से भी इस्तीफा दिलवाना चाहिए।’’

सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता पड़ोसी देशों जैसी अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे भारत प्रगति कर रहा है, राहुल गांधी जैसे लोग यहां बांग्लादेश या नेपाल जैसा अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। वे केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरोधी हैं और उनका असली चेहरा उजागर हो चुका है।’’

श्रमिकों के पलायन को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए सिंह ने इसे विपक्षी दलों द्वारा गढ़े जा रहे विमर्श का हिस्सा बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘पलायन शब्द खतरनाक है और इसके जरिए एक खास विमर्श गढ़ा जा रहा है। फिलहाल कांग्रेस समेत राजनीतिक दलों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिनके पास कोई काम नहीं है और वे रोजगार को लेकर तरह-तरह के विमर्श गढ़ते हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से विभिन्न राज्यों में रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

भाषा

शफीक माधव

माधव