मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड ने विभिन्न अवधि की सावधि जमा (एफडी) पर ब्याज दरों में संशोधन किया है। नई दरें 11 अक्टूबर, 2026 से लागू होंगी। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने इसी सप्ताह बुधवार को प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 0.25 प्रतिशत अंक की वृद्धि की है।
कंपनी के बयान के अनुसार, 12 महीने की सावधि जमा पर ब्याज दर 6.85 प्रतिशत से बढ़ाकर सात प्रतिशत कर दी गई है। वहीं, 15 महीने की डिजिटल तरीके से जमा सावधि जमा पर ब्याज दर 7.10 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.50 प्रतिशत की गई है।
इसी तरह, 18 से 23 महीने की जमा पर ब्याज दर 7.05 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.25 प्रतिशत और 24 से 35 महीने की जमा पर 7.10 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.50 प्रतिशत कर दी गई है।
ये दरें 10 करोड़ रुपये तक की जमा पर लागू होंगी।
कंपनी ने कहा कि 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को जमा करते या उसका नवीनीकरण कराते समय लागू दर पर सालाना 0.50 प्रतिशत अतिरिक्त सालाना ब्याज मिलता रहेगा। महिला जमाकर्ताओं को सालाना 0.05 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज मिलेगा। परिपक्व हो चुकी जमा के नवीनीकरण पर सालाना 0.15 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज दिया जाएगा।
भाषा योगेश रमण
योगेश