Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

उत्तराखंड: उधमसिंह नगर, हरिद्वार में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

देहरादून, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिलों में शुक्रवार को कई जगहों पर भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा। उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में भारी ओलावृष्टि से नुकसान की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य सरकार से हरिद्वार सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वेक्षण कराने और लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे कि दोपहर करीब 12 बजे ओलावृष्टि और उससे हुए नुकसान की सूचना मिलने पर खराब मौसम के बावजूद वह बाजपुर की ओर रवाना हो गये।

अधिकारियों ने बताया कि धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का पहले हवाई और फिर स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने किसानों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

धामी ने अधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का तत्काल विस्तृत सर्वेक्षण कराने, क्षति का आकलन करने और किसानों को समयबद्ध तरीके से राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है।

इस बीच, हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि हरिद्वार सहित राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को भीषण ओलावृष्टि हुई।

उन्होंने पोस्ट में कहा कि इससे फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुंचा और गाड़ियों व घरों के शीशे टूट गए।

रावत ने कहा कि सरकार को उचित सर्वेक्षण कराने के बाद जिन लोगों को अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा और सहायता प्रदान करनी चाहिए।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र