नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 1,900 रुपये चढ़कर 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। डॉलर में गिरावट से निवेशकों की धारणा मजबूत होने के कारण सोने की कीमत में लगातार दूसरे दिन तेजी रही।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,900 रुपये बढ़कर 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। बृहस्पतिवार को यह 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रही थी।
चांदी की कीमत में भी गिरावट का सिलसिला थम गया और यह 4,500 रुपये बढ़कर 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रही। बृहस्पतिवार को चांदी 3,000 रुपये टूटर थी, जबकि सप्ताह के शुरुआती तीन कारोबारी सत्रों में यह स्थिर रही थी।
ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर हाल के उच्च स्तर से नीचे आया, जिससे महंगाई को लेकर चिंताओं के बावजूद कीमती धातुओं की कीमतों को समर्थन मिला और सोने के भाव में तेजी आई।’’
गर्ग ने कहा कि कीमती धातुओं की कीमतों में व्यापक सुधार से चांदी को भी फायदा हुआ। रुपये की लगातार कमजोरी से आयातित वस्तुओं की घरेलू लागत बढ़ रही है।
हाल की तेजी से उतार-चढ़ाव भरे सप्ताह के बाद पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत 4,600 रुपये यानी 3.07 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं, घरेलू बाजार में चांदी की कीमत 1,500 रुपये यानी करीब एक प्रतिशत बढ़ी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने की कीमत 48.35 डॉलर यानी 1.17 प्रतिशत बढ़कर 4,181.98 डॉलर प्रति औंस हो गई। वहीं, तीन महीने के निचले स्तर तक गिरने के बाद चांदी की कीमत दो प्रतिशत उछलकर 60.32 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर सूचकांक और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच हाजिर सोने का कारोबार एक प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ करीब 4,180 डॉलर प्रति औंस पर रहा।’’
सिंह ने कहा कि आने वाले समय में सोने की कीमत सीमित दायरे में रह सकती हैं और इनमें मामूली तेजी का रुख बना रह सकता है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि तेल की कीमतों में अचानक तेजी आने से सोने की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण