दार अस सलाम, नौ अक्टूबर (एपी) पूर्वी तंजानिया में शुक्रवार तड़के लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक से टकराने के बाद एक यात्री बस में आग लग गई, जिससे कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। अग्निशमन और बचाव अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मोरोगोरो दार-अस-सलाम क्षेत्रीय अग्निशमन और बचाव बल के कार्यवाहक कमांडर जोसेफ मवासाबेजा ने बताया कि यह हादसा मोरोगोरो-दार अस सलाम राजमार्ग पर मकंबरानी के पास उस समय हुआ, जब बस दार अस सलाम से मबेया की ओर जा रही थी।
मवासाबेजा ने दुर्घटनास्थल पर बताया कि ट्रक इरिंगा से दार अस सलाम की ओर जा रहा था और अन्य वाहनों से आगे निकलने के प्रयास में बस से टकरा गया।
उन्होंने बताया कि आग की वजह से बस पूरी तरह नष्ट हो गई। हालांकि घायलों में से कुछ को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन घायलों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।
मोरोगोरो क्षेत्रीय रेफरल अस्पताल की प्रवक्ता शोलास्टिका एनडुंगा ने कहा कि वहां लाए गए मृतकों और घायलों की संख्या बाद में जारी की जाएगी।
एपी
सुमित नरेश
नरेश