Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

अंडमान पुलिस की आतंकवाद-रोधी तैयारियों का आकलन कर रही एनएसजी की टीम

श्री विजयपुरम, नौ अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के चेन्नई स्थित 27वें स्पेशल कंपोजिट ग्रुप (एससीजी) की तीन सदस्यीय टीम अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह पुलिस की आतंकवाद-रोधी तैयारियों का छह दिवसीय आकलन कर रही है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एनएसजी के एक वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में पांच अक्टूबर को शुरू हुआ आतंकवाद-रोधी क्षमता आकलन (सीटीसीए) शनिवार को समाप्त होगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस आकलन में कुल 68 कमांडो ने हिस्सा लिया। इस दौरान उनकी सुरक्षा खतरों से निपटने की तैयारियों का मूल्यांकन करने के लिए रात में गोलीबारी परीक्षण समेत कई कठिन अभ्यास कराए गए।

आकलन के दौरान कमांडो की संख्या, हथियारों और उपकरणों, विशेष टीमों, मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी), आवागमन की क्षमता और अभियान संबंधी तैयारियों जैसे प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की गई।

एनएसजी की टीम ने द्वीपसमूह पुलिस की विभिन्न इकाइयों का दौरा किया। उसने यहां प्रोथरापुर स्थित एनएससीबी पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में शारीरिक दक्षता परीक्षण और बंधकों को छुड़ाने के लिए एक मॉक ड्रिल भी आयोजित की।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रवींद्र सिंह यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यह आकलन पुलिस बल की आतंकवाद-रोधी तैयारियों का मूल्यांकन करने और उन्हें मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आकलन से सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान करने, अभियान संबंधी तैयारियों को बेहतर बनाने और सुरक्षा से जुड़ी उभरती चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद मिलती है। उन्होंने द्वीपों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

यादव ने कहा, 'इन अभ्यासों के दौरान कमांडो ने अच्छा प्रदर्शन किया और इस तरह के आकलन लगातार किए जाते रहेंगे।'

हाल में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह पुलिस ने एनएसजी के सहयोग से व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) के कर्तव्यों और सामरिक वाहन चालन में दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया था।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीवीआईपी) की सुरक्षा और नजदीकी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों के कौशल तथा अभियान संबंधी तैयारियों को मजबूत करना था।

इस कार्यक्रम में कुल 100 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 70 कर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) का प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 30 कर्मियों ने यहां पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में सामरिक वाहन चालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

आतंकवाद-रोधी क्षमता आकलन का उद्देश्य विशेष प्रशिक्षण और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से पुलिस बल की पेशेवर दक्षता बढ़ाना तथा केंद्र शासित प्रदेश की समग्र तटीय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।

भाषा रंजन माधव

माधव