मांड्या (कर्नाटक), नौ अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायक रवि कुमार गौड़ा (गणिगा) ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के इस दावे का समर्थन किया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सरकार को निशाना बनाकर गुप्त कैमरे से वीडियो बनाने का अभियान चलाया गया था।
विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय और 10 मंत्रियों की जासूसी कराने के लिए दिल्ली और कोलकाता की निजी एजेंसियों को काम पर लगाया गया था।
मांड्या के विधायक ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में एक पेन ड्राइव दिखाते हुए दावा किया कि इसमें कथित अभियान के सबूत हैं। उन्होंने कहा कि एक केंद्रीय मंत्री और राज्य के दो नेताओं ने मिलकर निजी एजेंसियों को राज्य सरकार के सदस्यों को फंसाने और उसे अस्थिर करने के लिए काम पर लगाया था।
उन्होंने कहा, ''मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक में जो कहा, वह बिल्कुल सही है।'' उन्होंने कहा कि वह शिवकुमार से अपने पास मौजूद दस्तावेजों की जांच करने का आग्रह करेंगे।
शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में दावा किया था कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें निशाना बनाकर गुप्त कैमरे से वीडियो बनाने का प्रयास किया गया था।
गौड़ा ने आरोप लगाया कि ये एजेंसियां पिछले दो महीने से बेंगलुरु में काम कर रही थीं और उनके लोगों के ठहरने के लिए शहर के एक निजी होटल में व्यवस्था की गई थी।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय, अधिकारियों और मंत्रियों को निशाना बनाने के लिए इन एजेंसियों को पैसे भी दिए गए थे।
गौड़ा ने कहा, ''योजना करीब 10 मंत्रियों को निशाना बनाने, उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों पर नजर रखने, उन्हें आपत्तिजनक परिस्थितियों में पकड़ने और सरकार को शर्मिंदा करने की थी।'' उन्होंने दावा किया कि किसी भी मंत्री ने इन कथित प्रयासों में हिस्सा नहीं लिया और न ही उनके दबाव में आया।
गौड़ा ने कहा कि उनके पास इस अभियान से जुड़े दस्तावेज हैं और सबूत जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे।
पेन ड्राइव दिखाते हुए उन्होंने कहा, ''बहुत जल्द हम आपके सामने वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और तस्वीरों समेत सबूत पेश करेंगे।''
विधायक ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को भी आगाह किया कि वे उन्हें फंसाने की संभावित कोशिशों के प्रति सतर्क रहें। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अभियान का मकसद शिवकुमार सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी करना था।
गौड़ा ने विपक्ष की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सूखे के कारण किसानों को हो रही परेशानियों पर ध्यान देने के बजाय विपक्ष ''बेबुनियाद'' मुद्दे उठा रहा है।
जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी के इस मुद्दे पर दिए गए बयानों के बारे में पूछे जाने पर गौड़ा ने कहा कि वह उन पर टिप्पणी करने में रुचि नहीं रखते।
कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी थी कि वह उनके खिलाफ कथित गुप्त अभियान के ''गॉडफादर'' का नाम बताएं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराएं।
गौड़ा ने कहा, ''मैं मुख्यमंत्री से आग्रह करूंगा कि वह हमारे पास मौजूद दस्तावेजों की जांच करें। यह गंभीर मामला है और राज्य में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।''
भाषा रंजन माधव
माधव