Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

कॉजपा प्रदर्शन: मुंबई-दिल्ली के बीच कई ट्रेन रद्द, कुछ राजधानी ट्रेन के समय में बदलाव

मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) मुंबई से नयी दिल्ली जाने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेन शुक्रवार को मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे द्वारा रद्द कर दी गईं या उनके समय में बदलाव किया गया। यह फैसला राष्ट्रीय राजधानी में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के विरोध प्रदर्शन से एक दिन पहले लिया गया।

पश्चिम रेलवे ने बताया कि मुंबई सेंट्रल-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12951) और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस (12953) को पांच घंटे की देरी से चलाया जाएगा। वहीं, बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12247) और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन दुरंतो एक्सप्रेस रद्द कर दी गई हैं।

पश्चिम रेलवे ने बताया कि डॉ. आंबेडकर नगर-नयी दिल्ली एक्सप्रेस (20155), इंदौर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (09309), इंदौर-नयी दिल्ली एक्सप्रेस (12415) और साबरमती-नयी दिल्ली एक्सप्रेस (12957) को भी रद्द कर दिया गया है।

मुंबई मुख्यालय वाले पश्चिम रेलवे का भौगोलिक क्षेत्राधिकार गुजरात और महाराष्ट्र, राजस्थान तथा मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों तक फैला हुआ है।

मध्य रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (22221) को रद्द कर दिया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आंदोलन से जुड़ी बाधाओं के बावजूद मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे के नेटवर्क पर कई अन्य ट्रेन अपने गंतव्य तक पहुंचीं।

अधिसूचना के अनुसार, रेलवे बोर्ड से मिले संदेश के बाद यह फैसला 10 अक्टूबर को नयी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास संभावित ‘गंभीर सड़क यातायात जाम’ को देखते हुए लिया गया।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के अद्यतन समय की जांच कर लें।

ट्रेन को रद्द किए जाने और उनके समय में बदलाव के बाद कई यात्रियों ने टिकट के रिफंड को लेकर चिंता जताई और अचानक लिए गए इस फैसले पर नाराजगी व्यक्त की।

हालांकि, पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि रद्द की गई ट्रेन के टिकटों का किराया यात्रियों को वापस कर दिया जाएगा।

कॉजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन की योजना बनाई है। कुमार पर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूची में हेरफेर करने और मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज फॉर्म छह में बदलाव करने में अपने दो सहयोगियों को दरकिनार करने के आरोप लगाए गए हैं।

शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में कॉजपा के विरोध प्रदर्शन से पहले ट्रेन और मेट्रो सेवाओं को रद्द करके केंद्र सरकार मानो ‘भारत बंद’ थोपती नजर आ रही है। उन्होंने मौजूदा माहौल को ‘आपातकाल’ जैसा बताया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी का कांग्रेस के साथ कोई मतभेद नहीं हैं और उनका गुस्सा केवल मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ है। ठाकरे ने कहा कि विपक्षी दल मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अपनी लड़ाई में एकजुट हैं।

भाषा संतोष नरेश

नरेश