Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

आंध्र प्रदेश में रेलवे पटरी के पास असम की युवती मृत मिली, हिमंत व गौरव ने जांच की मांग की

गुवाहाटी, नौ अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक के पास मृत पाई गई गुवाहाटी निवासी 20 वर्षीय युवती की मौत की शुक्रवार को विस्तृत जांच कराने की मांग की।

हिमाश्री बोरो छह अक्टूबर की सुबह दक्षिणी राज्य में ट्रेन में सवार होकर घर लौट रही थीं, तभी वह लापता हो गईं।

अधिकारियों ने बताया कि अगले दिन रेलवे ट्रैक के पास बोरो का शव मिला। उनके परिवार ने साजिश की आशंका जताई है, जबकि दक्षिण तटीय रेलवे ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि वह चलती ट्रेन से गिर गई होंगी।

शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बोरो की मौत पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को पत्र लिखकर मामले की विस्तृत जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

शर्मा ने कहा, ‘‘मैंने आंध्र प्रदेश में वहां की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय के लिए असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी भेजा है।’’

मुख्यमंत्री ने जोर दिया, ‘‘असम के लोगों की सुरक्षा, वे कहीं भी हों, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’

गोगोई ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए रेल मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने परिवार और मीडिया से प्राप्त जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि बोरो ने ‘डिब्बे में मौजूद पुरुषों के व्यवहार के कारण खुद को असुरक्षित महसूस किया था’।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें परेशान किया गया और उन्हें अश्लील इशारे किए गए थे। पुलिस को संदेह है कि वह चलती ट्रेन से गिर गई होंगी, जबकि उनके परिवार ने साजिश की आशंका जताई है।’’

यहां के बोंडा की निवासी बोरो एक नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विशाखापत्तनम गई थीं। हालांकि, गुवाहाटी में उनकी परीक्षा होने के कारण वह अन्य लोगों से पहले अकेले ही वापस लौट रही थीं।

विशाखापत्तनम स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में वह छह अक्टूबर को रात 12:15 बजे 22503 कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ विवेक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार होती दिखाई दीं। उनके साथ उनकी एक स्थानीय परिचित उन्हें स्टेशन तक छोड़ने आई थीं।

बताया जाता है कि ट्रेन में सवार होने के कुछ ही समय बाद उन्होंने गुवाहाटी में अपनी एक दोस्त और रिश्ते की बहन को फोन कर बताया कि डिब्बे में चारों ओर नशे में धुत पुरुषों की मौजूदगी के कारण वह असहज महसूस कर रही हैं।

बोरो ने अपनी दोस्त को डिब्बे के अंदर का एक वीडियो भी भेजा था। इसके बाद रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच उनसे संपर्क टूट गया।

उनकी रिश्ते की बहन ने बताया कि उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क कर ट्रेन का विवरण साझा किया था। अधिकारियों ने उन्हें बताया था कि उनके पास रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भेजा जा रहा है।

यहां पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने एक बयान जारी करके पुष्टि की है कि अधिकारियों को शिकायत मिली थी। बयान के अनुसार, श्रीकाकुलम रोड स्टेशन पर आरपीएफ ने ट्रेन के सामान्य और स्लीपर डिब्बों में तलाशी ली, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका।

बाद में बुधवार को श्रीकाकुलम में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पोंडुरु और दूसी सेक्शन के बीच रेलवे पटरी के पास उनका शव बरामद किया।

बयान में कहा गया, ‘‘घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की प्रारंभिक जांच के अनुसार, संदेह है कि बोरो चलती ट्रेन से गिर गई होंगी।’’

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश