चेन्नई, नौ अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके संस्थापक सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को अपनी पार्टी की उम्मीदवारों मरगथम कुमारवेल और पी. सत्यभामा को क्रमश: मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जीत के लिए बधाई दी।
द्रमुक का सीधे नाम लिए बिना उस पर निशाना साधते हुए विजय ने कहा कि उपचुनाव में मिली जीत महिलाओं को निशाना बनाकर की गई ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणियों के खिलाफ जनादेश है।
टीवीके प्रमुख की यह टिप्पणी उपचुनाव प्रचार के दौरान द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन द्वारा सत्यभामा की कद-काठी को लेकर कथित तौर पर की गई टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आई है।
विजय ने एक बयान में अन्नाद्रमुक प्रमुख ए.के. पलानीस्वामी पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने टीवीके की जीत का श्रेय ‘‘बेदाग छवि वाले नेताओं’’ को दिया।
इस बीच, द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों को ‘विश्वासघात की अंतरिम जीत’ करार दिया।
नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने उपचुनाव कराए जाने की परिस्थितियों की आलोचना की। स्टालिन ने कहा, ‘‘विधानसभा चुनावों के महज पांच महीने बाद ही ये उपचुनाव मतदाताओं पर थोप दिए गए।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश