रायपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप के दूसरे बैच के प्रतिभागियों से संवाद किया।
उन्होंने इस दौरान अपने छात्र जीवन, संघर्ष, पारिवारिक जिम्मेदारियों और जनसेवा से जुड़े अनुभव साझा किए तथा युवाओं के सवालों के जवाब दिए।
साय ने कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। युवाओं को अपने ज्ञान, कौशल और नए विचारों के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और हर जिम्मेदारी का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन सफलता के साथ आत्मसंतुष्टि भी प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और छत्तीसगढ़ भी विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस यात्रा को गति देने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है।”
उन्होंने युवाओं से जनहित से जुड़े विषयों पर व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने और तकनीकी बदलावों में नेतृत्वकर्ता बनने की अपील की।
अधिकारियों के अनुसार, सुशासन एवं अभिसरण विभाग, आईआईएम रायपुर और ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया के सहयोग से यह फेलोशिप चला रहा है।
उन्होंने बताया कि दूसरे बैच के लिए कैट के अंकों और आईआईएम की चयन प्रक्रिया के माध्यम से 14 जिलों के 36 युवाओं का चयन किया गया है, इनमें दंतेवाड़ा, बस्तर और जशपुर के युवा भी शामिल हैं।
विभाग के सचिव राहुल भगत ने बताया कि चयनित युवा इंजीनियरिंग, विज्ञान, प्रबंधन, गणित, वाणिज्य और अर्थशास्त्र जैसे विषयों की पृष्ठभूमि से हैं।
उन्होंने बताया कि दो वर्षीय कार्यक्रम में पांच महीने का अध्ययन एवं प्रशिक्षण और 19 महीने का जमीनी अनुभव शामिल है।
भगत ने बताया कि शुरुआती तीन महीने आईआईएम रायपुर में प्रशिक्षण के बाद युवा जिला प्रशासन के साथ काम कर योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवाओं की कार्यप्रणाली समझेंगे।
भाषा संजीव जितेंद्र
जितेंद्र