नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) व्यापारियों के संगठन नयी दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने राष्ट्रीय राजधानी में संभावित प्रदर्शन को देखते हुए एहतियात के तौर पर कनॉट प्लेस में दुकानों, कार्यालयों, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों को शनिवार को बंद रखने की सलाह दी है।
एनडीटीए के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने शुक्रवार को जारी परामर्श पत्र में कहा कि पुलिस प्रशासन की सलाह और कनॉट प्लेस के आसपास की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
एसोसिएशन ने दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वालों से सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए परामर्श का पालन करने की अपील की है।
परामर्श पत्र में शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों के दौरान संपत्ति को संभावित नुकसान और लोगों के घायल होने की आशंका का भी उल्लेख किया गया है।
यह परामर्श कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले आया है। कॉजपा, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाली है।
भाषा यासिर रमण
रमण