चेन्नई, नौ अक्टूबर (भाषा) इंडोनेशिया की जेनीस तेन दो से आठ नवंबर तक खेली जाने वाली चेन्नई ओपन इंटरनेशनल महिला टेनिस चैंपियनशिप के तीसरे चरण में खिताब का बचाव करने उतरेंगी और इस डब्ल्यूटीए 250 टूर्नामेंट में उन्हें शीर्ष वरीयता दी गई है।
भारत में महिलाओं की सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग वाली इस टेनिस प्रतियोगिता को तमिलनाडु सरकार का समर्थन प्राप्त है।
टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में शामिल 23 खिलाड़ियों के नाम जारी कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता में 22 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार किसी एशियाई खिलाड़ी को शीर्ष वरीयता दी गई है।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले देशों में इंडोनेशिया, ऑस्ट्रिया, थाईलैंड, हंगरी, पोलैंड, क्रोएशिया, कजाखस्तान, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, स्पेन, उज्बेकिस्तान, जापान, ब्रिटेन, इटली, बेल्जियम, अमेरिका, सर्बिया, चीनी ताइपे, चेक गणराज्य, स्लोवाकिया, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, जॉर्जिया, कनाडा, चीन, यूक्रेन, दक्षिण कोरिया और फिनलैंड शामिल हैं।
भाषा नमिता मोना
मोना