बलिया, नौ अक्टूबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने संबंधी उनका बयान राजनीतिक सलाह थी, न कि कोई चुनौती। इससे एक दिन पहले अयोध्या पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने बृहस्पतिवार को योगी आदित्यनाथ को सीधी चुनौती देते हुए कहा था कि बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतने ही आश्वस्त हैं तो उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।
यादव ने बलिया के सिकंदरपुर में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने संबंधी सवाल पर कहा, “यह राजनीतिक सलाह थी कि अगर वह अयोध्या से इतने ही आश्वस्त हैं और उन्होंने कहा है कि 15 दिन के अंदर दूध का दूध और पानी हो जाएगा, तो उन्हें यही फैसला लेना चाहिए और अगला चुनाव अयोध्या से लड़ना चाहिए।”
उन्होंने राम मंदिर में दर्शन नहीं करने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उन्होंने इस संबंध में एक संकल्प लिया है।
यादव ने एक दिन पहले अयोध्या में पत्रकारों से बातचीत में कहा था, “मैंने पहले संकल्प लिया था कि केदारेश्वर धाम के पूरा होने के बाद हम सब राम मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।”
इटावा में केदारेश्वर धाम का निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए सपा प्रमुख ने व्यापक तैयारी की है। यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के लोग ढोंगी हैं।
उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मंदिर के बाहर बैठा भिखारी भी कभी चढ़ावे की चोरी नहीं करता है।
यादव ने जेवर हवाई अड्डे का नाम बदलने को लेकर दावा किया कि जिस दिन हवाई अड्डे की संपर्क सुविधा बढ़ जाएगी, उसी दिन इसे बेच दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को जेवर हवाई अड्डे का नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाकात के बारे में यादव ने अपने राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्तता का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता इस आंदोलन और कार्यक्रम में शामिल हैं।
यादव शुक्रवार को अपनी पार्टी के दिवंगत नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे राम गोविंद चौधरी के परिजनों से मिलने बलिया पहुंचे थे।
चौधरी बलिया जिले से आठ बार विधायक रहे थे।
यादव ने कहा कि उनकी पार्टी 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को नैतिक समर्थन देती है और पहले भी इस आंदोलन का समर्थन कर चुकी है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र