पुडुचेरी, नौ अक्टूबर (भाषा) जोश फिलिप और सैम कोंस्टास के आक्रामक अर्धशतकों और तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन की शानदार गेंदबाजी के दम पर आस्ट्रेलिया ए ने दूसरे वनडे मैच में शुक्रवार को भारत ए को 69 रन से हराया ।
इस जीत के साथ आस्ट्रेलिया ए ने तीन मैचों की श्रृंखला में 2 . 0 की विजयी बढत बना ली ।
भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल, साइ सुदर्शन और रूतुराज गायकवाड़ लगातार दूसरे मैच में नाकाम रहे ।
आस्ट्रेलिया के लिये कोंस्टास ने 88 गेंद में 67 और फिलिप ने 58 गेंद में 58 रन बनाकर दूसरे विकेट के लिये 101 रन जोड़े । आस्ट्रेलिया ने 275 रन बनाये ।
जवाब में भारत ए टीम चार ओवर बाकी रहते 206 रन पर आउट हो गई । रजत पाटीदार ने 82 गेंद में 67 रन बनाये लेकिन बाकी बल्लेबाज नहीं चल सके ।
पडिक्कल (एक), गायकवाड़ (12) और सुदर्शन (13) सस्ते में आउट हो गए । भारत ने नौ ओवर के भीतर 30 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे । पाटीदार ने एक छोर संभाले रखा लेकिन उनके आउट होने के बाद वापसी की उम्मीदें खत्म हो गई ।
आस्ट्रेलिया के लिये जॉनसन ने 35 रन देकर तीन विकेट लिये ।
भाषा मोना नमिता
नमिता