भोपाल/जबलपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) ने दिल्ली में यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका का हवाला देते हुए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी जाने वाली पांच ट्रेनों को एक दिन के लिए रद्द कर दिया।
यह फैसला शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन से एक दिन पहले लिया गया।
संगठन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन का आह्वान किया है।
यह पूछने पर कि क्या प्रदर्शन के कारण ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिस पर पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) मधुर वर्मा ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा को बताया, “हमारे पास प्रदर्शन को लेकर कोई संदेश नहीं है।”
उन्होंने बताया कि दिल्ली क्षेत्र में भारी यातायात दबाव की आशंका के कारण ट्रेनें रद्द की गई हैं।
वर्मा के अनुसार, रद्द की गई ट्रेनों में महाकौशल एक्सप्रेस, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, भोपाल-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और कोटा-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ये ट्रेनें केवल एक दिन के लिए रद्द की गई हैं।
भाषा दिमो जितेंद्र
जितेंद्र