Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

फरीदाबाद में दसवीं के छात्र का शव फंदे से लटका मिला

फरीदाबाद, नौ अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में दसवीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र का शव उसकी एक सहपाठी के घर में फंदे से लटका मिला। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद छात्र के परिजनों और अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया तथा भीड़ ने कथित तौर पर घर में तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात टीटू कॉलोनी इलाके के शिव शक्ति एन्क्लेव में हुई। साई नगर पार्ट-दो का निवासी अर्जुन नामक छात्र का शव उसकी सहपाठी के घर में फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। छात्र के परिजन भी वहां पहुंच गए और उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है। इससे मौके पर हंगामा शुरू हो गया।

पुलिस ने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने कथित तौर पर लड़की के घर में तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है।

बिहार के नालंदा जिले के मूल निवासी अर्जुन के पिता भूषण ने आरोप लगाया कि लड़की के परिवार ने उनके बेटे की हत्या की है।

भूषण ने बताया कि अर्जुन बृहस्पतिवार को दोपहर करीब दो बजे स्कूल से लौटा था। इसके करीब आधे घंटे बाद एक युवक उसे अपने साथ ले गया। शाम करीब साढ़े चार बजे एक महिला ने उन्हें बेटे की मौत की सूचना दी।

उन्होंने बताया कि अर्जुन और लड़की एक-दूसरे को करीब दो साल से जानते थे और इस मामले को लेकर पहले उनके स्कूल में भी बैठक हुई थी।

भूषण ने आरोप लगाया, 'जब मैं लड़की के घर गया तो मैंने अपने बेटे का शव रस्सी से लटका हुआ पाया। मेरा बेटा और लड़की करीब दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। कुछ समय पहले इस मामले को लेकर स्कूल में बैठक हुई थी। उसके बाद से मेरे बेटे ने लड़की के घर जाना बंद कर दिया था। लड़की के परिवार ने ही मेरे बेटे की हत्या की है।'

हालांकि, लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि अर्जुन उनकी बेटी को परेशान करता था। परिवार के अनुसार, उन्होंने पहले इस मामले में स्कूल से शिकायत की थी और उस समय छात्र के परिजनों ने माफी भी मांगी थी।

लड़की के परिवार ने दावा किया कि अर्जुन बृहस्पतिवार देर रात उनके घर में घुसा था और उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और छात्र की मौत के हालात की जांच की जा रही है।

खेड़ी पुल थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कथित तोड़फोड़ की भी जांच की जा रही है।

भाषा माधव

माधव