नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने परिवार के साथ 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल होंगे।
कॉजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी ने उन पर कथित ‘‘वोट चोरी’’ का आरोप लगाया है।
केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं पूरे देश के लोगों से अपील करता हूं कि वे अधिक से अधिक संख्या में जंतर-मंतर पहुंचें। यह किसी एक व्यक्ति या पार्टी का मामला नहीं है, बल्कि पूरे देश का मामला है। यह प्रदर्शन कल जंतर-मंतर पर शुरू होगा। मैं जाऊंगा, मेरा पूरा परिवार जाएगा और आप सभी को भी वहां जाना चाहिए।’’
केजरीवाल ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितता को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जो भी भाजपा को वोट नहीं देता, उसका वोट काट दिया जाता है और फर्जी वोट जोड़ दिए जाते हैं। यह सब ज्ञानेश कुमार के रहते खुलेआम हो रहा था। पूरा देश उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है।’’
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप