Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

पंजाब में गैंगस्टर और असामाजिक तत्वों के लिए कोई जगह नहीं: डीजीपी गौरव यादव

चंडीगढ़, नौ अक्टूबर (भाषा) पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और गैंगस्टर तथा असामाजिक तत्वों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।

भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा उन्हें नियमित डीजीपी नियुक्त किए जाने के कुछ ही समय बाद यादव ने यह बयान दिया।

एक वीडियो संदेश में डीजीपी ने कहा, ‘‘मैं पंजाब में शांति और सौहार्द बनाए रखने की पंजाब पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराता हूं। राष्ट्रविरोधी तत्वों को उनके नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।’’

यादव ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर और असामाजिक तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा,‘‘वे कहीं भी छिपे हों, चाहे भारत में या विदेश में, पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर न्याय के कठघरे में लाएगी। गैंगस्टर और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान और तेज किए जाएंगे।’’

यादव ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और नशे के विरुद्ध युद्ध अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब सरकार के सभी विभाग,पंजाब पुलिस और जनता के प्रयास से इस अभियान को उसके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा।’’

इससे पहले यादव को जुलाई 2022 में कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया था। राज्य सरकार ने शुक्रवार को कहा कि यादव को राज्य पुलिस बल का प्रमुख नियुक्त करने का निर्णय संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) से द्वारा भेजे गए चयनित अधिकारियों के नामों की सूची पर विचार करने के बाद लिया गया है।

सरकार ने कहा कि पदभार ग्रहण करने की तारीख से उनका कार्यकाल न्यूनतम दो वर्ष का होगा।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश