जयपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में डीएपी खाद की कमी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ सरकार विफल हो गयी है।
गहलोत ने एक बयान में कहा, “डीएपी की किल्लत पर ‘डबल इंजन’ सरकार फेल है। सरसों की बुवाई का वक्त है और किसान 1,350 रुपये का डीएपी कट्टा 2,100 से 2,200 रुपये में कालाबाजारी के जरिए खरीदने को मजबूर है।”
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों ने उर्वरक की मांग भेज दी लेकिन खाद पहुंची ही नहीं।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री और विधायकों को भी खाद की किल्लत का मुद्दा लेकर मुख्यमंत्री के पास जाना पड़ा लेकिन अब तक हालात नहीं सुधरे हैं।
गहलोत ने कहा कि सितंबर से प्रदेश के अलग-अलग जिलों से उर्वरक की कमी की खबरें आ रही हैं।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि डीएपी के साथ नैनो डीएपी जैसे उत्पाद जबरन देने की शिकायतें मिल रही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “अन्नदाता कालाबाजारी में खाद खरीदकर बुवाई करे, यह कैसा विकास है? भाजपा सरकार तुरंत पर्याप्त खाद उपलब्ध कराए और कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई करे।”
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र