पेशावर, नौ अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सात आतंकवादियों को मार गिराया। सरकारी प्रसारक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, यह अभियान अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में प्रतिबंधित संगठन ‘फितना अल-खवारिज’ के आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद चलाया गया।
पाकिस्तान की संघीय सरकार प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए ‘फितना अल-खवारिज’ शब्द का इस्तेमाल करती है।
यह अभियान आतंकवाद के खिलाफ जारी उपायों के तहत सरकार की ‘अज़्म-ए-इस्तेहकाम’ योजना का हिस्सा था।
रेडियो पाकिस्तान ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि अभियान के दौरान टीटीपी के कई ठिकानों को भी नष्ट कर दिया गया।
प्रसारक के अनुसार, मारे गए आतंकवादियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
इससे एक दिन पहले, बृहस्पतिवार को उत्तरी वजीरिस्तान में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में टीटीपी के नौ आतंकवादी मारे गए थे।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में वर्षों से आतंकवादियों की हिंसा, अफगानिस्तान से लड़ाकों की सीमा पार आवाजाही और बार-बार चलाए जाने वाले सैन्य अभियानों के कारण अशांति बनी हुई है।
नवंबर 2022 में पाकिस्तानी सरकार के साथ संघर्षविराम समझौता समाप्त होने के बाद से टीटीपी अफगानिस्तान की सीमा से लगे इस प्रांत में लगातार हमले करता रहा है।
भाषा रंजन माधव
माधव