कोलकाता, नौ अक्टूबर (भाषा) निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित किए और इसके अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार हसिरानी रथ ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मिलन प्रधान को रिकॉर्ड 1,22,753 मतों के अंतर से करारी शिकस्त दी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के इस राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र में 1,64,427 वोट मिले, जबकि प्रधान को 41,674 मत प्राप्त हुए।
वाम मोर्चा, इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और तृणमूल कांग्रेस के बागी धड़े डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस सहित अन्य सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि 5,779 मतों के साथ काफी पीछे तीसरे स्थान पर रहे।
यह परिणाम नंदीग्राम में भाजपा की स्थिति मजबूत होने का संकेत है। पश्चिम बंगाल के राजनीति विमर्श में इस निर्वाचन क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के बाद 2011 में तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में आने में इस क्षेत्र की अहम भूमिका रही थी।
इसके बाद नंदीग्राम शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच एक चर्चित चुनावी मुकाबले का केंद्र बना। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता अधिकारी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बनर्जी को यहां से हराया था।
हसिरानी रथ की उम्मीदवारी से इस चुनाव में भावनात्मक पहलू भी जुड़ा था। उनके बेटे चंद्रनाथ रथ की छह मई को कोलकाता के बाहरी इलाके मध्यमग्राम में बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के दो दिन बाद हुई थी।
नंदीग्राम में उपचुनाव की आवश्यकता इसलिए पड़ी, क्योंकि 2026 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से जीतने वाले शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप