गाजीपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश में नौकरी दिलाने के लिए फर्जी वीजा, हवाई टिकट और अन्य जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजीपुर निवासी सोहन राम, बेटे सूर्य कुमार और साथी फैजल कुमार उर्फ सनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कोतवाली क्षेत्र के रौजा में एक साइबर केंद्र खोला था, जहां महिलाओं को नौकरी पर रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का सरगना सोहन राम मुंबई में रहकर अपने बेटे के माध्यम से ऑनलाइन विज्ञापन देता था, जिनमें बेरोजगार युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने का भरोसा दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, सोहन राम युवाओं के पासपोर्ट लेकर उनके लिए फर्जी नियुक्ति पत्र, वीजा और हवाई टिकट तैयार कराता था।
पुलिस ने बताया कि इतना ही नहीं वह विमान में सीट भी बुक कराता था।
पुलिस के अनुसार, इन दस्तावेजों पर भरोसा करके युवा रोजगार के लिए आरोपियों द्वारा खोले गए फर्जी खातों में रुपये भेज देते थे और इसके बाद तीनों आरोपी रकम निकालकर आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि एक पीड़ित की शिकायत पर जांच शुरू की गई, जिसके बाद धोखाधड़ी का यह मामला सामने आया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 3.54 लाख रुपये नकद, करीब 20 लाख रुपये मूल्य की दो गाड़ियां, 10 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सिम कार्ड, 13 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र