Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

कॉजपा के प्रदर्शन से पहले ‘लाल हिट जनता पार्टी’ का दिल्ली में प्रदर्शन

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से एक दिन पहले शुक्रवार को मध्य दिल्ली में एक नए संगठन से जुड़े लोग एकत्रित हुए और पिछले प्रदर्शनों के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमलों तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल की निंदा की।

प्रदर्शनकारी ‘लाल हिट जनता पार्टी’ के आह्वान पर जनपथ पर एकत्र हुए थे। इस संगठन का नाम कीट नियंत्रण के एक लोकप्रिय ब्रांड पर रखा गया है, जिसे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नाम के व्यंग्यात्मक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

संगठन के प्रतिनिधि अयान भटनागर ने कहा, ‘‘अगर कोई किसी बाहरी व्यक्ति के लिए भी अपशब्द कहता है तो हम उसे रोकने की कोशिश करते हैं। प्रधानमंत्री हमारे परिवार का हिस्सा हैं और उनके खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। हमारे नायकों, जवानों और दिल्ली पुलिस के कर्मियों को अपशब्द कहना बंद होना चाहिए। इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’’

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि व्यवस्था में बदलाव की मांग करने वालों का विरोध जताने का मौजूदा तरीका उचित नहीं है।

कॉजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है। कुमार पर आरोप है कि उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में उनमें हेरफेर किया और मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण प्रपत्र-6 में बदलाव करते समय निर्वाचन आयोग के अन्य दो सदस्यों को दरकिनार किया।

कॉजपा और कई अन्य छात्र संगठनों ने आरोप लगाया है कि कुमार की निगरानी में एसआईआर के दौरान देशभर में लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटा दिए गए।

कॉजपा का यह प्रदर्शन विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के नेताओं द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ लगातार तीन दिन तक किए गए विरोध प्रदर्शनों के बाद होगा। इन प्रदर्शनों के दौरान मध्य दिल्ली में जनजीवन लगभग ठप हो गया था। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, कुछ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए थे और प्रमुख सड़कों पर अवरोधक लगाए गए थे।

‘लाल हिट जनता पार्टी’ ने कहा कि उसके प्रदर्शन का उद्देश्य संविधान, कानून के शासन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को बनाए रखना था।

संगठन ने एक बयान में आरोप लगाया कि ‘कॉजपा’ का आचरण न्यायपालिका और कार्यपालिका सहित संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को नुकसान पहुंचाता है।

भटनागर ने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक और कानूनी तरीकों से ऐसी गतिविधियों का विरोध करना जारी रखेगा जिन्हें वह आपत्तिजनक मानता है।

संगठन ने युवाओं विशेष रूप से ‘जेन जी’ के सदस्यों से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भाग लेने और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों, तथ्यों पर आधारित संवाद, जन जागरूकता और कानूनी माध्यमों से असहमतियों का समाधान करने का आह्वान किया।

संगठन ने कहा कि उसका मूलमंत्र है: ‘‘राष्ट्र प्रथम, संविधान का सम्मान, लोकतंत्र हमारी पहचान।’’ बयान के अनुसार, इसका मार्गदर्शक सिद्धांत है: ‘‘विपक्ष में मजबूत, कार्रवाई में शांतिपूर्ण, राष्ट्र के प्रति समर्पित।’’

बयान में कहा गया कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस बस में बैठाया गया। प्रेस विज्ञप्ति जारी किए जाने के समय भी वे हिरासत में थे।

भाषा सुरभि माधव

माधव