Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

मुंबई में आईआईटी परिसर में गैस रिसाव से लगी आग, पांच लोग घायल

मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) मुंबई के पवई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) परिसर में सिलेंडर की पाइप से गैस रिसाव के कारण आग लगने से दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजकर 25 मिनट पर हुई और आईआईटी के अनुसार, परिसर में स्थित मजदूर शिविर में आग लगी।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को घाटकोपर स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने कहा, 'बाद में उनमें से चार को चिंचपोकली स्थित नगर निकाय के कस्तूरबा अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। एक घायल का राजावाड़ी अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों की पहचान अंश अहिरवार (12), तहजीब आलम (नौ), ईश्वर सिंह (37), शिवकुमार सिंह (34) और अनिल कुमार यादव (23) के रूप में हुई है।'

उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिसकर्मियों और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया।

आईआईटी बंबई के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आग परिसर में स्थित एक मजदूर शिविर में लगी, जहां ज्यादातर वे लोग रहते हैं जो संस्थान परिसर में निर्माण स्थलों पर काम करते हैं।

भाषा रंजन नरेश

नरेश