नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में समुद्र आधारित आर्थिक गतिविधियों का और विस्तार करने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा है।
बयान के मुताबिक, नायडू ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ बैठक में राज्य में बंदरगाहों के विकास, मुलापेटा बंदरगाह पर एक टर्मिनल बनाने और दुगराजपत्तनम में पोत विनिर्माण केंद्र स्थापित करने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अपनी लंबी तटरेखा का प्रभावी उपयोग करते हुए बंदरगाहों पर आधारित औद्योगिक और वाणिज्यिक विकास को गति दे रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा और प्रस्तावित बंदरगाहों के साथ पोत निर्माण, पोत मरम्मत और समुद्री इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों का विकास करने से बड़े पैमाने पर रोजगार और निवेश के अवसर पैदा होंगे।
नायडू ने कहा कि श्रीकाकुलम जिले में मुलापेटा बंदरगाह के विकास से उत्तर आंध्र में वाणिज्यिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बंदरगाह के लिए टर्मिनल और इससे जुड़ा बुनियादी ढांचा विकसित करने में केंद्र से सहयोग मांगा।
भाषा योगेश रमण
रमण