Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

दिल्ली में 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले जम्मू मंडल की चार ट्रेनें रद्द

जम्मू, नौ अक्टूबर (भाषा) जम्मू रेलवे मंडल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी जाने वाली चार प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की, जिनमें सुपरफास्ट राजधानी एक्सप्रेस भी शामिल है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह फैसला मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा नयी दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले लिया गया है।

उत्तर रेलवे के इस फैसले से दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाली कुल 48 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

रेलवे के प्रवक्ता ने ट्रेनों को रद्द करने की वजह 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी भीड़भाड़ की आशंका बताई। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) आरोप लगा रही है कि सरकार शनिवार को होने वाले प्रदर्शन में लोगों की भागीदारी रोकने की कोशिश कर रही है।

अधिकारी ने बताया कि रद्द की गई ट्रेनों में जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12426) और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली जाने वाली तीन ट्रेनें (12446, 04082 और 22462) शामिल हैं।

यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए रेलवे अधिकारियों ने स्टेशनों पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए हैं। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी यात्रियों को जानकारी दी जा रही है। रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन की ताजा स्थिति जानने के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) मोबाइल ऐप का उपयोग करने की सलाह दी है।

कॉजपा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मार्च निकालने की तैयारी कर रही है। संगठन मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की मांग कर रहा है। सीजेपी मुंबई और बेंगलुरु में भी इन मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है।

संगठन ने आरोप लगाया है कि सरकार जानबूझकर परिवहन सेवाओं को सीमित कर रही है, ताकि लोग प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।

मुंबई में संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यदि उसे युवाओं से डर लगता है, तो उसे पूरा देश बंद कर देना चाहिए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होते समय कहा, ‘‘अगर आपको युवाओं से डर लगता है, तो पूरा देश बंद कर दीजिए।’’

भाषा रंजन माधव

माधव