Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

उत्तराखंड: भाजपा के दिनेश आर्य राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित

देहरादून, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दिनेश आर्य शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विधानसभा के प्रभारी अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी हेम चंद्र पंत ने निर्विरोध निर्वाचन के बाद आर्य को प्रमाणपत्र सौंपा।

नामांकन वापस लेने की शुक्रवार को अंतिम तारीख थी।

कांग्रेस या किसी अन्य दल ने इस सीट पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।

इस मौके पर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, विधानसभा के अधिकारी तथा भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

वर्तमान में भी यह सीट भाजपा के नरेश बंसल के पास है, जिनका छह साल का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

राज्य विधानसभा की 70 में से 47 सीट पर भाजपा का कब्जा था, जिस कारण सत्तारूढ़ दल की जीत लगभग तय मानी जा रही थी और इसी कारण मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था।

नैनीताल जिले के हल्द्वानी से संबंध रखने वाले आर्य भाजपा से लंबे समय से जुड़े हैं और मुख्यमंत्री धामी के करीबी माने जाते हैं।

उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत वर्ष 1985 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की और उसके बाद वे भाजयुमो से जुड़ गए।

आर्य वर्ष 2007 से 2010 तक नैनीताल के जिला अध्यक्ष रहे और बाद में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में उन्हें राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया।

प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीट हैं और फिलहाल तीनों पर ही गढ़वाल क्षेत्र के नेताओं का प्रतिनिधित्व है।

वर्तमान में आर्य राज्य मंत्री का दर्जा रखते हैं और राज्य स्तरीय पेयजल निगरानी परिषद के उपाध्यक्ष हैं।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र