पटना, नौ अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष राजेश राम ने शुक्रवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी नवंबर तक कई चरणों में राज्यव्यापी आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के तहत ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
राम ने पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू की मौजूदगी में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में आंदोलन के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दूसरे चरण में 10 से 20 अक्टूबर तक राज्यभर में ब्लॉक स्तर पर मार्च और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे और उन्हें अभियान से जोड़ेंगे।
राम ने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिला, ब्लॉक और गांव स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित की जाएंगी, इनमें मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायत करने वाले लोगों को भी शामिल किया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभावित मतदाताओं से संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के चौथे चरण में संविधान दिवस के अवसर पर ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और इसमें बिहार से हजारों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे तथा मतदाताओं के अधिकारों व लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे।
बैठक में अल्लावरू ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और ब्लॉक से लेकर पंचायत स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कांग्रेस के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने, संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर चर्चा की।
बैठक में आगामी आंदोलन की तैयारियों और उसमें संगठन की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र