Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

आईएसएसएफ विश्व कप में भारत की अगुवाई करेंगे स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह

काहिरा, नौ अक्टूबर (भाषा) ओलंपिक कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह यहां शनिवार से शुरू होने वाले आईएसएसएफ राइफल-पिस्टल विश्व कप में 24 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी दल की अगुवाई करेंगे।

भारतीय टीम देहरादून में एक से सात अक्टूबर तक राष्ट्रीय ट्रेनिंग शिविर में हिस्सा लेने के बाद काहिरा पहुंची।

भारत आठ व्यक्तिगत ओलंपिक स्पर्धाओं और दो मिश्रित टीम स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा। भारतीय दल में अनुभवी ओलंपियन के साथ उभरते हुए युवा निशानेबाज भी शामिल हैं।

पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा में स्वप्निल कुसाले के साथ अखिल श्योराण और एड्रियन करमाकर भारतीय चुनौती पेश करेंगे।

ओलंपियन अर्जुन बबूता पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम की अगुवाई करेंगे जिन्होंने नयी दिल्ली में आयोजित 2026 एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। उनके साथ बधिर ओलंपिक चैंपियन धनुष श्रीकांत और पार्थ मखीजा भी शामिल होंगे।

महिलाओं की राइफल स्पर्धाओं में दो बार की ओलंपियन अंजुम मौदगिल 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम का नेतृत्व करेंगी जिसमें आयुषी पोद्दार और मानिनी कौशिक भी शामिल हैं।

ब्यूनस आयर्स विश्व कप में रजत पदक जीतने वाली उभरती निशानेबाज आर्या राजेश बोर्से महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ख्याति चौधरी और इस्मिता भोवाल के साथ हिस्सा लेंगी।

पुरुषों की पिस्टल स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक 2024 के कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल टीम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ अजेंद्र सिंह चौहान और उदयवीर सिद्धू भी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

विजयवीर सिद्धू 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में सूरज शर्मा और अंकुर गोयल के साथ भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे।

महिलाओं की पिस्टल टीम में एशियाई खेलों की चैंपियन पलक शामिल हैं, जो 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मुस्कान और सुरभि राव के साथ निशाना साधेंगी।

ओलंपियन रिदम सांगवान, पूर्व विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता चिंकी यादव और दिव्या टीएस महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रतियोगिता के पहले दिन 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम और 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धाओं के फाइनल खेले जाएंगे। 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में अजेंद्र सिंह चौहान के साथ पलक और उदयवीर सिद्धू के साथ मुस्कान की जोड़ी प्रतिस्पर्धा करेगी।

10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में पार्थ मखीजा और आर्या राजेश बोर्से की जोड़ी के साथ धनुष श्रीकांत और ख्याति चौधरी की जोड़ी भी चुनौती पेश करेगी।

वहीं 10, 25 और 50 मीटर की स्पर्धाओं में व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन दौर और फाइनल मुकाबले 15 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेंगे।

भाषा नमिता पंत

पंत