मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) और महाराष्ट्र के तटीय कोंकण क्षेत्र में 12 अक्टूबर तक उष्ण लहर की चेतावनी जारी की।
आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि दक्षिण कोंकण के जिलों में कुछ स्थानों पर उष्ण लहर की आशंका है। वहीं, उत्तर कोंकण के जिलों में कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम केंद्र ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने और उसके बाद एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
मौसम केंद्र के अनुसार, नौ और 10 अक्टूबर को महाराष्ट्र के आंतरिक हिस्सों के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मुंबई महानगर क्षेत्र एक विस्तृत शहरी समूह है, जो मुंबई और आसपास के ठाणे, पालघर तथा रायगढ़ जिलों में स्थित नौ नगर निगमों में फैला हुआ है।
भाषा शोभना वैभव
वैभव