विजयपुरा (कर्नाटक), नौ अक्टूबर (भाषा) भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार पर आरोप लगाया कि तेलंगाना में उनके कारोबारी हितों के कारण राज्य सरकार पड़ोसी राज्य को पानी छोड़ रही है, जबकि कर्नाटक के किसान सूखे के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।
विजयेंद्र ने यहां पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री के मौखिक निर्देश पर नारायणपुर बांध से तेलंगाना के लिए 2,000 मिलियन क्यूबिक फीट (टीएमसी) पानी छोड़ना शुरू किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला तेलंगाना की कांग्रेस सरकार को खुश करने के लिए लिया गया है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि शिवकुमार के तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगियों से अच्छे संबंध हैं और वहां उनके कारोबारी हित भी हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में लोगों और मवेशियों के लिए पीने के पानी तथा चारे की कमी के बावजूद पानी छोड़ने का फैसला आपत्तिजनक है। इस मामले में शिवकुमार या कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
विजयेंद्र ने राज्य सरकार से सूखा प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये मुआवजे और पांच लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने की मांग की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा के विशेष सत्र में प्रति किसान परिवार 2,500 रुपये की राहत की घोषणा किए जाने के बावजूद उसका भुगतान नहीं हुआ है।
उन्होंने किसानों को प्रतिदिन आठ घंटे तीन-फेज बिजली उपलब्ध नहीं कराने और करीब 850 करोड़ रुपये के लंबित दुग्ध प्रोत्साहन भुगतान का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने सूखा समाप्त होने तक पांच महीने के लिए दूध पर पांच रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त प्रोत्साहन देने की मांग की।
विजयेंद्र ने कर्नाटक पर 9.5 लाख करोड़ रुपये का कुल कर्ज होने का दावा करते हुए राज्य की वित्तीय स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के वेतन में देरी हो रही है और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) का करीब 6,500 करोड़ रुपये बकाया है। तेल कंपनियों के भी लगभग 187 से 190 करोड़ रुपये के भुगतान लंबित होने का दावा किया।
उन्होंने महाराष्ट्र की तर्ज पर किसानों के दो लाख रुपये तक के ऋण माफ करने, गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने और सिंचाई परियोजनाओं के लिए धन आवंटित करने की मांग की।
विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा उत्तर कर्नाटक की सिंचाई परियोजनाओं को लेकर जल्द आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सूखे की स्थिति का जायजा लेने वाली केंद्रीय टीम जल्द सहायता पर निर्णय लेगी।
भाषा रंजन दिलीप
दिलीप