Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

मप्र: सरपंच का चुनाव लड़ने के लिए महिला मित्र के घर से चुराया 1.10 करोड़ रुपये का माल, गिरफ्तार

इंदौर, नौ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में सरपंच पद का चुनाव लड़ने के लिए मध्यप्रदेश के इंदौर में अपनी महिला मित्र के घर से सोने का बिस्किट और दो लाख रुपये की नकदी समेत करीब 1.10 करोड़ रुपये का माल चुराने के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमन सिंह राठौर ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के निवासी गोपाल जाखड़ उर्फ गोपी (25) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी राजस्थान में सरपंच पद का चुनाव लड़ने की योजना बना रहा था और इसके लिए उसे धन की जरूरत थी।

राठौर ने बताया, “आरोपी ने 10 अगस्त से 13 सितंबर के बीच इंदौर में अपनी एक महिला मित्र के घर की अलमारी से सोने का 630 ग्राम वजनी बिस्किट, 40 ग्राम की सोने की चेन, दो लाख रुपये नकद और एक महंगा फोन चुरा लिया।”

उन्होंने बताया कि चोरी के बाद आरोपी फरार हो गया और उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने जाखड़ के कब्जे से चोरी का करीब 1.10 करोड़ रुपये मूल्य का माल बरामद किया है और विस्तृत जांच जारी है।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र