(फाइल फोटो के साथ)
लखनऊ, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने नोएडा के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नोएडा-जेवर’ रखने के प्रस्ताव को शुक्रवार को मंजूरी दे दी।
आदित्यनाथ ने यहां मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि राज्य को यह हवाई अड्डा देने के लिए मंत्रिमंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभारी है। आदित्यनाथ ने इस हवाई अड्डे को उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ी सौगात बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश की मंत्रिपरिषद जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राज्य को उपहार में देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपना आभार व्यक्त करती है। मंत्रिमंडल ने इसका नाम ‘नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नोएडा-जेवर’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’’
आदित्यनाथ ने कहा कि यह हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े हवाई अड्डे और देश के एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में उभरेगा।
आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रेरणादायक मार्गदर्शन और राज्य के प्रति उनकी अटूट तथा निरंतर प्रतिबद्धता के लिए भी अपनी सराहना व्यक्त की।
उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रिपरिषद 2047 तक विकसित उप्र और विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए पूरी लगन, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ लगातार काम करने के अपने संकल्प को दोहराती है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 नवंबर, 2021 को उत्तर प्रदेश के जेवर में ग्रीनफील्ड नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की आधारशिला रखी थी। उन्होंने आधिकारिक तौर पर 28 मार्च, 2026 को इसके पहले चरण का उद्घाटन किया। 15 जून से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू हुईं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार और ‘ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी’ के बीच सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के तौर पर विकसित किए जा रहे इस हवाई अड्डे का मकसद क्षेत्रीय ‘लॉजिस्टिक्स’ और ‘कनेक्टिविटी’ को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि यह विशाल विमानन परियोजना शुरुआती तौर पर पहले चरण के लिए लगभग 1,334 हेक्टेयर (3,300 एकड़ से अधिक) क्षेत्र में फैला है और इसे भविष्य में 5,000 हेक्टेयर से अधिक के क्षेत्र तक बढ़ाने की योजना है। पूरी तरह तैयार होने पर यह भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बन जाएगा।
आदित्यनाथ ने पत्रकारों से कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्ष की अविराम सेवा यात्रा के अभिनंदन में मंत्रिपरिषद ने विशेष प्रस्ताव पारित किया है। सात अक्टूबर को उनकी इस यात्रा के 25 वर्ष पूरे हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। वर्ष 2014 में काशी आने पर उन्होंने कहा था, ‘उन्हें मां गंगा ने बुलाया है’। काशी से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध प्रदेश के विकास का आधार बना है।’’
भाषा जफर वैभव सुरभि
सुरभि
सुरभि