तिरुवनंतपुरम, नौ अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा चुनावों की वैधता पर सवाल उठाए जाने के बीच उनकी पार्टी विधानसभा के आगामी सत्र में सदन की वैधता का मुद्दा उठाएगी।
कांग्रेस समेत कई दल मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में यह मुद्दा उठाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे विधायक दल के नेता गोपकुमार विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखेंगे।’’
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘इस विधानसभा की वैधता क्या है? क्या यह विधानसभा वैध है या अवैध?’’
केरलम में एसआईआर के बाद इस साल अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में 140 सदस्यीय सदन में भाजपा के तीन विधायक निर्वाचित हुए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा में सबसे पहले इस बात पर चर्चा होनी चाहिए कि क्या हम सभी अवैध रूप से निर्वाचित हुए हैं। यह मुद्दा मुझसे, वी. मुरलीधरन, गोपकुमार (तीनों भाजपा विधायक) और अन्य 137 विधायकों से जुड़ा है।’’
चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन से सदन में इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘अगर यह अवैध है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।’’
इस बीच, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष एवं बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने भाजपा के रुख को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी ‘‘बेकार के बहाने’’ बना रही है।
जोसेफ ने कहा कि उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर पहले केरल उच्च न्यायालय और बाद में उच्चतम न्यायालय में याचिकाएं दायर की थीं तथा अदालतों से निर्देश प्राप्त किए थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने केरलम विधानसभा चुनाव के प्रभारी निर्वाचन अधिकारी द्वारा बुलाई गई बैठकों में भी एसआईआर को लेकर बार-बार अपनी चिंताएं जताई थीं।
उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा या मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी ऐसी शिकायतें उठाई थीं।
जोसेफ ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य मतदाता सूचियों से नाम हटाने के बजाय सभी पात्र नागरिकों के नाम उनमें शामिल करना होना चाहिए।
जोसेफ ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर भी चिंताएं जताई गई हैं। उन्होंने कुछ फैसलों पर निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेद की खबरों का भी हवाला दिया।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा चुनावों की वैधता पर सवाल उठाए जाने के उद्देश्य के बारे में पूछे जाने पर जोसेफ ने कहा कि इस संगठन को अपना रुख खुद स्पष्ट करना होगा।
इस बीच, माकपा नेता पी. राजीव ने कहा कि कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में असामान्य बदलाव की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने केरलम के चुनाव परिणामों पर इन बदलावों के संभावित प्रभाव की गहन जांच किए जाने की मांग की।
भाषा सिम्मी दिलीप
दिलीप