नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार कृष्णमूर्ति वी. सुब्रमण्यम ने शुक्रवार को कहा कि यदि कांग्रेस चाहती है कि उसे गंभीरता से लिया जाए तो उसे अपनी ‘देशविरोधी’ छवि बदलनी होगी।
सुब्रमण्यम का यह बयान स्टारलिंक की उपग्रह इंटरनेट सेवाओं को लेकर जारी विवाद के बीच एलन मस्क की ‘अंबानी’ संबंधी टिप्पणी पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया के एक दिन बाद आया है।
बृहस्पतिवार को अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क ने आरोप लगाया था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी भारत के “असली बॉस” हैं जिस पर राहुल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारत में आपका स्वागत है, लेकिन ‘दूसरे व्यक्ति’ से मिलेंगे तो और पता चलेगा।’’
सुब्रमण्यम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जब विदेशी कहते हैं कि राहुल गांधी में ‘अपने ही देश के प्रति सम्मान की कमी’ है तो कांग्रेस को संभलने और इस पर ध्यान देने की जरूरत है। यदि आप चाहते हैं कि आपको गंभीरता से लिया जाए, तो आपको अपनी देशविरोधी छवि बदलनी होगी।”
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “पिछले एक दशक में आपको आम तौर पर देश की सीमाओं के बाहर से समर्थन मिला है। यदि अब वह समर्थन भी कम हो रहा है, तो इसे खतरे की घंटी समझना चाहिए। अपने भ्रम से बाहर निकलें और वास्तविकता को देखें।”
सरकार ने अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क के स्टारलिंक की उपग्रह संचार सेवाओं को रोके जाने के आरोप पर बृहस्पतिवार को कड़ी आपत्ति जतायी और स्पष्ट किया कि देश में हर उपग्रह संचार लाइसेंसधारक के लिए सुरक्षा मानकों का अनुपालन करना अनिवार्य है।
इस बीच, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि भारत किसी भी क्षेत्र में एकाधिकार की अनुमति नहीं देता।
उन्होंने कहा कि एक ‘‘खास’’ कंपनी की काफी चर्चा हो रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि तीन कंपनियों को उपग्रह संचार (सैटकॉम) लाइसेंस मिल चुके हैं और वे सुरक्षा संबंधी शर्तों तथा निर्धारित लक्ष्यों को अलग-अलग पूरा करने के बाद परिचालन शुरू कर सकती हैं।
भाषा खारी नरेश
नरेश