Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

अगले विधानसभा सत्र में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल की कानूनी गारंटी देने वाला विधेयक लाएगी केरल सरकार

तिरुवनंतपुरम, नौ अक्टूबर (भाषा) केरलम सरकार राज्य में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और सुरक्षा की कानूनी गारंटी देने वाला विधेयक आगामी विधानसभा सत्र में पेश करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए उम्मीद जताई कि विधेयक इसी महीने पारित हो जाएगा।

सतीशन ने ‘पीटीआई वीडियो’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि प्रस्तावित कानून का उद्देश्य बदलती जनसांख्यिकी, बढ़ती जीवन प्रत्याशा और कुछ परिवारों में वरिष्ठ नागरिकों की उपेक्षा की चिंताओं के बीच उन्हें जरूरी देखभाल और सहायता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा, 'हम वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी गारंटी देने के लिए कानून तैयार कर रहे हैं, ताकि उन्हें सुरक्षा मिले और उनकी देखभाल करने वाला कोई मौजूद हो।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित कानून के तहत यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी कि वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों पर नजर रखी जाए। इसमें यह देखना भी शामिल होगा कि उन्होंने नाश्ता, दोपहर और रात का खाना खाया है या नहीं और क्या उन्हें विशेष देखभाल की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि सरकार विधेयक तैयार कर चुकी है और यह कानून विभाग की मंजूरी का इंतजार कर रहा है। सरकार को उम्मीद है कि आगामी विधानसभा सत्र में इसे पारित कर दिया जाएगा।

सतीशन ने कहा, 'विधानसभा का सत्र 12 अक्टूबर से शुरू होगा। मुझे उम्मीद है कि हम इसी महीने विधेयक पारित कर सकेंगे।'

भाषा वैभव

वैभव