गुवाहाटी, नौ अक्टूबर (भाषा) असम मंत्रिमंडल ने विकास, शांति एवं सुरक्षा, संपर्क, बुनियादी ढांचे, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में राज्य तथा पूर्वोत्तर में आए व्यापक बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति ‘गहरी सराहना और आभार’ व्यक्त करते हुए शुक्रवार को 75 प्रस्ताव पारित किए।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की अध्यक्षता में 90 मिनट तक आयोजित विशेष बैठक में लगातार 25 वर्ष प्रशासन के प्रमुख के तौर पर मोदी द्वारा की गई सार्वजनिक सेवा पर विशेष रूप से चर्चा की गई। मोदी ने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में सेवाएं दी हैं।
शर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘शांति ने विकास के लिए परिस्थितियां बनाईं, बेहतर संपर्क ने अवसरों के द्वार खोले, उद्योग और निवेश ने आर्थिक संभावनाओं के नए रास्ते बनाए तथा स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा ने लोगों की क्षमताओं को मजबूत किया।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इसलिए मंत्रिमंडल ने इस बात को औपचारिक रूप से दर्ज किया कि मोदी के (प्रशासन प्रमुख के तौर पर) सार्वजनिक जीवन के पिछले 25 वर्षों में और विशेष रूप से प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान असम में आर्थिक, सामाजिक, भौतिक, रणनीतिक और सभ्यतागत स्तर पर बदलाव आया है।’’
शर्मा ने कहा कि कभी मुख्य रूप से दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्र के रूप में देखे जाने वाला असम अब तेजी से शांतिपूर्ण, बेहतर संपर्क वाला, आत्मविश्वास से भरा और निवेश के लिए तैयार राज्य बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि असम पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार और ‘विकसित भारत’ की यात्रा में विकास का एक महत्वपूर्ण भागीदार भी बन रहा है।
भाषा शोभना सिम्मी
सिम्मी