चंडीगढ़, नौ अक्टूबर (भाषा) पंजाब सरकार ने शुक्रवार को 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को राज्य का नियमित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
यादव को जुलाई 2022 में कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया था।
नियमित डीजीपी की नियुक्ति के लिए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने राज्य सरकार की ओर से भेजे गए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 14 वरिष्ठ अधिकारियों के पैनल में से तीन अधिकारियों के नामों की सिफारिश की थी। यादव का नाम भी इस पैनल में शामिल था।
यूपीएससी की ओर से भेजे गए पैनल में विशेष डीजीपी शरद सत्य चौहान (पंजाब सतर्कता प्रमुख) और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हरप्रीत सिंह सिद्धू भी शामिल थे।
पंजाब सरकार के आदेश के अनुसार, यूपीएससी ने एक जुलाई को लिखे पत्र के जरिए राज्य सरकार की ओर से भेजे गए पैनल में से तीन आईपीएस अधिकारियों को डीजीपी पद पर नियुक्ति के लिए उपयुक्त माना था।
आदेश में कहा गया कि यादव को राज्य पुलिस बल का प्रमुख नियुक्त करने का फैसला यूपीएससी से मिले पैनल पर विचार करने के बाद लिया गया।
आदेश के मुताबिक, यादव का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से कम से कम दो वर्ष का होगा।
भाषा वैभव
वैभव