पुडुचेरी, नौ अक्टूबर (भाषा) पुडुचेरी में सत्तारूढ़ ‘ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस’ ने कुछ ही माह पहले सत्ता संभालने के बाद अपने पहले राजनीतिक इम्तिहान में परचम लहराया है और पार्टी उम्मीदवार अशोक आनंद ने थट्टानचावाडी विधानसभा उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के ई. विनायगम को 8,000 से अधिक मतों के बड़े अंतर से हरा दिया।
सुबह आठ बजे मतगणना की शुरुआत से ही मुख्यमंत्री एन. रंगासामी की अगुवाई वाली एआईएनआरसी ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, जबकि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) इस दौड़ में तीसरे स्थान पर खिसक गई।
निर्वाचन आयोग के अनुसार चार दौर की मतगणना की समाप्ति पर अशोक आनंद को कुल 13,358 वोट मिले और उन्होंने 8,482 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी ई. विनायगम 4,876 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि द्रमुक उम्मीदवार के. सेतु उर्फ सेतुसेल्वम को मात्र 2,664 वोट हासिल हुए।
भाषा खारी वैभव
वैभव