Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

फ्यूजन सीएक्स का आईपीओ 14 अक्टूबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 275-289 रुपये प्रति शेयर

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित ग्राहक अनुभव समाधान देने वाली कंपनी फ्यूजन सीएक्स लिमिटेड ने अपने 702 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 275-289 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।

कंपनी ने शुक्रवार को सार्वजनिक घोषणा में कहा कि आईपीओ 14 अक्टूबर को अभिदान के लिए खुलेगा और 16 अक्टूबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 13 अक्टूबर को बोली लगा पाएंगे।

आईपीओ 500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 202 करोड़ रुपये तक के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण होगा।

कंपनी ने मई 2025 में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास दाखिल मसौदा विवरणपत्र में आईपीओ के जरिये 1,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बनाई थी। हालांकि, बाद में निर्गम का प्रस्तावित आकार घटाकर 702 करोड़ रुपये कर दिया गया।

फ्यूजन सीएक्स नए शेयर से जुटाई गई राशि में से 275 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी और उसकी अनुषंगी कंपनियों के कुछ बकाया कर्ज चुकाने या समय से पहले कर्ज भुगतान के लिए करेगी। इसके अलावा, 61 करोड़ रुपये अपनी अप्रत्यक्ष अनुषंगी कंपनियों ओमाइंड टेक्नोलॉजीज इंक और ओमाइंड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में निवेश किए जाएंगे। शेष राशि का इस्तेमाल अधिग्रहण, अन्य रणनीतिक पहलों और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा।

कंपनी दूरसंचार व उपयोगिता सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा एवं जीवन विज्ञान, उच्च प्रौद्योगिकी, यात्रा, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं बीमा (बीएफएसआई) तथा खुदरा कारोबार जैसे क्षेत्रों को सेवाएं देती है। फ्यूजन सीएक्स अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पेनिश, पुर्तगाली, जर्मन, अरबी, मंदारिन, इतालवी और हिंदी समेत 28 भाषाओं में ग्राहकों से बातचीत की सुविधा देती है।

कंपनी का शेयर 22 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।

भाषा निहारिका

निहारिका