Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

मणिपुर के कामजोंग में 27 आईईडी निष्क्रिय किए गए

इंफाल, नौ अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के कामजोंग जिले में सुरक्षा बलों ने आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर लगाए गए 27 विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बरामद किए हैं। रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

भारतीय सेना के बम निरोधक दस्तों ने शंगखालोक-पिलोंग मार्ग पर मिले इन विस्फोटक उपकरणों को निष्क्रिय कर दिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘असम राइफल्स और भारतीय सेना के बम निरोधक दस्तों ने कामजोंग जिले में आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर 27 आईईडी का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।’’

यह मार्ग म्यांमा से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित सुदूर पिलोंग गांव के निकट है।

संदिग्ध उग्रवादियों ने 24 सितंबर को पिलोंग गांव के पास तांगखुल नगा समुदाय के चार नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा अभियान चार से सात अक्टूबर तक चलाया गया। पहाड़ी मार्ग पर झाड़ियों के बीच विस्फोटक उपकरण छिपाए गए थे। इनका पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।

असम राइफल्स ने बृहस्पतिवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘समय रहते चलाए गए इस अभियान से शांति और सुरक्षा भंग करने की कोशिशों को नाकाम किया गया तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई।’’

भाषा सिम्मी

सिम्मी