बगदाद, नौ अक्टूबर (एपी) इराक ने इस साल की शुरुआत में सीरिया के हिरासत केंद्रों से इराक की हिरासत में भेजे गए इस्लामिक स्टेट (आईएस) के हजारों संदिग्ध सदस्यों को वापस भेजने के सीरिया के अनुरोध को ठुकरा दिया है। इराक के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इराक के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार कासिम अल-अबूदी ने कहा कि कैदियों के भविष्य पर चर्चा करने के लिए हाल में सीरिया, इराक और अमेरिका के बीच एक बैठक हुई थी।
अल-अबूदी ने कहा कि सीरिया ने लगभग चार हजार सीरियाई कैदियों को मुकदमे का सामना करने के लिए उसे सौंपने का अनुरोध किया था, लेकिन इराक ने इसे अस्वीकार कर दिया।
उन्होंने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि इराक ने पाया है कि हिरासत में लिए गए सीरिया के लगभग 400 लोग इस्लामिक स्टेट के सदस्य नहीं हैं और उन्हें रिहा किया जा सकता है। इनमें से लगभग 50 लोगों को पहले ही उनके देश वापस भेजा जा चुका है। इराक में अब भी हिरासत में रखे गए सैकड़ों सीरियाई नागरिकों के चरमपंथी संगठन के शीर्ष सदस्य होने का संदेह है।
उन्होंने कहा, ‘‘इराक जांच कर रहा है और जिन लोगों के इराक में अपराध करने की पुष्टि होगी, उन पर इराकी कानून के तहत मुकदमा चलाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि बाद में कुछ कैदियों को उनकी सजा पूरी करने के लिए उनके गृह देशों में भी भेजा जा सकता है।
सीरिया ने इस संबंध में टिप्पणी के अनुरोधों का तत्काल जवाब नहीं दिया।
आईएस से कथित संबंध रखने वाले 5,700 से अधिक कैदियों, जिनमें लगभग चार हजार सीरियाई नागरिक शामिल हैं, को जनवरी में सीरिया के सरकारी बलों और कुर्द नेतृत्व वाले सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज (एसडीएफ) के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद पूर्वोत्तर सीरिया से इराक भेजा गया था। एसडीएफ लंबे समय से उन हिरासत केंद्रों की सुरक्षा कर रहा था, जहां इन कैदियों को रखा गया था।
झड़पों के दौरान पैदा हुई अव्यवस्था में आईएस से जुड़े कुछ कैदी भागने में कामयाब रहे थे। उस समय बड़ी संख्या में कैदियों के भागने की आशंका भी जताई गई थी। कई साल पहले इराक और सीरिया के जिन इलाकों पर इस चरमपंथी संगठन ने कब्जा कर लिया था, वहां से उसका नियंत्रण खत्म हो चुका है, लेकिन उसके सदस्य अब भी दोनों देशों में समय-समय पर हमले करते हैं।
कैदियों के भविष्य को लेकर यह चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका ने इराक में आईएस के खिलाफ लड़ाई के लिए अपना 12 साल का अभियान समाप्त कर दिया है। अमेरिकी सैनिक पिछले महीने इराक से वापस चले गए थे।
एपी शोभना सिम्मी
सिम्मी